राहुल गांधी पर BJP का पलटवार, कांग्रेस के ही समय कश्मीरी पंडितों पर हुआ था अत्याचार

जम्मू के कटरा में माता वैष्णो देवी के दर्शन करने गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को बीजेपी और आरएसएस पर हमला बोला। अब भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पर पलटवार किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी के पिंडियों को सिंबल कहने को देवियों का अपमान बताया है। संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस नेता ने देवी देवताओं का अपमान किया है, उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राहुल गांधी का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्हें पहले अपनी सभ्यता को जानना चाहिए। राहुल गांधी देश की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे हैं। पात्रा ने कहा, ‘अपनी राजनीति में भगवती को भी नहीं बख्शा। राहुल गांधी पिंडियों को सिंबल कहते हैं। उन्होंने देवी देवताओं का अपमान किया है। जीएसटी के नाम पर मां लक्ष्मी का अपमान किया है। राहुल गांधी को अपने बयान को लेकर देश से माफी मांगनी चाहिए।’ 

संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर ओछी राजनीति करने का भी आरोप लगाया। पात्रा ने कहा कि कांग्रेस के समय में ही कश्मीरी पंडितों पर अत्याचार हुआ था। बीजेपी ने धारा 370 हटाई तो कांग्रेस ने इसका विरोध किया था। राहुल गांधी अब ओछी राजनीति कर रहे हैं। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि जम्मू कश्मीर में विकासवाद आगे बढ़ रहा है।

इससे पहले राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी और आरएसएस जम्मू कश्मीर में भाईचारे की भावना को तोड़ने में लगी हुई है। बीजेपी ने जम्मू कश्मीर को कमजोर किया और राज्य का दर्जा छीना। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘मुझे यहां आकर खुशी भी हो रही है और दुख भी हो रहा है। दुख इसलिए क्योंकि आपके बीच जो भाईचारे की भावना है, उसे बीजेपी और RSS  के लोग तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं और इससे आप लोग कमजोर हो रहे हैं, इससे आपके अर्थव्यवस्था और व्यापार को चोट पहुंची है।’ राहुल ने जम्मू कश्मीर को अपना घर बताया। राहुल गांधी ने इस दौरान कार्यकर्ताओं से ‘जय माता दी’ के नारे लगवाए। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here