हरियाणा के किसानो ने राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे लाइन पर लगाया जाम

नए कृषि कानूनों के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद के आह्वान पर सोमवार को हरियाणा में किसानों ने सड़कों और रेल मार्गों को जाम कर दिया। चरखी दादरी के फतेहगढ़ में किसानों ने रेलवे ट्रैक रोक दिया। जिले में 15 जगहों पर सड़क मार्ग जाम किए गए।

राष्ट्रीय राजमार्ग 334बी के झरोठ टोल पर किसानों ने जाम लगा दिया है। भारत बंद के तहत इस मार्ग को बंद करने का निर्णय लिया गया। सोनीपत के गन्नौर स्थित भारतीय अंतरराष्ट्रीय बागवानी मार्केट के सामने किसानों ने नेशनल हाईवे 44 को बंद कर दिया है। चंडीगढ़ और दिल्ली जाने वाले रास्ते पर पत्थर लगाए गए हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय बागवानी मार्केट में ही किसानों के लिए लंगर की व्यवस्था भी की गई है।  किसानों ने जींद पटियाला दिल्ली नेशनल हाईवे को रोक दिया है। रामायण रेलवे ट्रैक जाम कर रेल गाड़ी रोकी गई। खटकड़ टोल प्लाजा भी जाम कर दिया गया है। 

केएमपी और केजीपी जीरो प्वाइंट पर किसान बैठे
सोनीपत में केएमपी और केजीपी जीरो प्वाइंट पर किसान बैठ गए हैं। झज्जर में नेशनल हाईवे 71 पर बिरधाना मोड़ पर जाम लगा दिया गया है। बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन पर किसानों ने ट्रैक पर धरना दिया है। किसानों ने साउंड सिस्टम और भोजन आदि की व्यवस्था भी कर ली है। चरखी दादरी में दस बजे तक शहर का बाजार बंद रहा जबकि रेलवे ट्रैक और सड़कों पर किसानों ने डेरा डाले रखा। रोडवेज बसों और ट्रेन का संचालन न होने से यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ीं। जनसंगठनों के प्रदर्शन के मद्देनजर जाम स्थलों पर पुलिस बल मौजूद रहा। इसके अलावा 16 ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी वहां तैनात रहे।

पटरी पर लेटे किसान नेता
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान के बाद किसान सोनीपत रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। किसानों ने कहा कि जब तक कानूनों की वापसी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सोनीपत में किसानों ने रेल रोक दी है। वहीं आरपीएफ रेलवे ट्रैक जाम करने वाले किसानों की वीडियोग्राफी कर रही है। यमुनानगर में किसान नेता पटरी के ऊपर लेट गए हैं। यहां दो ट्रेन रोक दी गई हैं।

पंचकूला में हर हाईवे जाम  
पंचकूला में भारत बंद के कारण नेशनल हाईवे से लेकर स्टेट हाईवे तक जाम रहे। नग्गल व चंडीमंदिर टोल को करीब 200 से ज्यादा किसानों ने सुबह 11 बजे से बंद कर दिया है।

ट्रैफिक डायवर्ट किया गया 
पिंजौर से पंचकूला आने के लिए चंडीगढ़ बद्दी सड़क की ओर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया ताकि चंडीगढ़ से लोग पंचकूला व मोहाली जा सकें। मौली साइड से त्रिलोकपुर, मट्टांवाला साइड ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। पिंजौर से पंचकूला आने के लिए थापली, मांदना से होते हुए नाडा गांव होकर लोग पंचकूला आए।

यहां पर हुआ विरोध
कालका-जीरकपुर हाईवे पर चंडीमंदिर टोल, ओल्ड पंचकूला, सेक्टर 20 फ्लाईओवर इन जगहों पर किसानों ने रास्ता बंद  किया। पंचकूला बरवाला हाईवे पर नग्गल टोल, कोट फ्लाईओवर का रास्ता भी बंद है। पिंजौर नालागढ़ हाईवे को किसानों ने बंद किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here