तिरंगा संकल्प यात्रा का नेतृत्व करने के लिए वाराणसी पहुंचे आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह को कमिश्नरेट पुलिस ने हिरासत में ले लिया। गुरुवार सुबह भेल स्थित गणेशपुर तरना के पास एयरपोर्ट रोड पर पुलिस ने उन्हें रोका और हिरासत में लिया। इस दौरान वो पुलिसकर्मियों के साथ उलझते भी दिखे।
वो बार-बार उस आदेश की प्रति मांग रहे थे जिसके आधार पर उन्हें पुलिस ने रोका था। उन्होंने कहा कि वाराणसी में हर पार्टी रैली कर रही है। किसी को भी आने से नहीं रोका गया। मुझे किस कानून के तहत रोका जा रहा है। मैं कहां जा रहा हूं, किसी काम से आया हूं, इससे पुलिस को कोई मतलब नहीं होना चाहिए।
आप नेता संजय सिंह कचहरी से लहुराबीर के बीच तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करने बनारस पहुंचे थे। हालांकि इस यात्रा को जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिली थी। बावजूद इसके संजय सिंह अपने पार्टी के सदस्यों और कार्यकर्ताओं के साथ तिरंगा संकल्प यात्रा निकालने की तैयारी में जुटे थे। सुरक्षा कारणों से पुलिस ने संजय सिंह को हिरासत में लिया है। जिसे लेकर कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश है।
हाईवे पर समर्थकों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। इस पर 26-27 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।