राहुल गांधी का ट्वीट, किसान व व्यापारी, सभी भारत सरकार की खराब पॉलिसी के शिकार

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि व्यवसायी हों या किसान, सभी भारत सरकार की खराब नीतियों के शिकार हैं। अर्थव्यवस्था की मरम्मत करें और जीवन बचाएं।

राहुल ने ट्विटर पर कुछ आंकड़े भी पेश किए हैं। इसके तहत साल 2016 में 8573 व्यापारियों ने सुसाइड की थी। साल 2017 में 7778, साल 2018 में 7990, साल 2019 में 9052, साल 2020 में 11716 व्यापारियों ने सुसाइड की।

वहीं कृषि क्षेत्र से जुड़े 11379 लोगों ने साल 2016 में सुसाइड की। साल 2017 में ये आंकड़ा 10655, साल 2018 में 10349, साल 2019 में 10281 और साल 2020 में 10677 पहुंच गया।

राहुल ने महंगाई को लेकर भी मोदी सरकार पर निशाना साधा और ट्वीट कर कहा, ‘दिवाली है लेकिन महंगाई चरम पर है। ये व्यंग्य की बात नहीं है। काश मोदी सरकार के पास जनता के लिए एक संवेदनशील दिल होता।’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि त्यौहार का समय है। महंगाई से आमजन परेशान हैं। भाजपा सरकार की लूट वाली सोच ने त्यौहार से पहले महंगाई कम करने की बजाय गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल, तेल, सब्जी के दाम आसमान पर पहुंचा दिए। चुनाव के समय भाजपा 1-2 रुपए घटाकर जनता के बीच जाएगी, तब उसे करारा जवाब मिलेगा। जनता माफ नहीं करेगी।

बता दें कि राहुल और प्रियंका गांधी लगातार महंगाई को लेकर बीजेपी को घेर रहे हैं और मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। राहुल ने हालही में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने इसे लेकर ट्वीट किया- ‘जेबकतरों से सावधान!’

बता दें कि ईधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, हालांकि बुधवार को इस मामले में थोड़ी राहत मिली और किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं हुई। दिल्ली में पेट्रोल के दाम 110.04 रुपए और डीजल के दाम 98.42 रुपए हैं। वहीं मुंबई में पेट्रोल की कीमत 115.85 रुपए और डीजल की कीमत 106.62 रुपए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here