बिहार विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आने के अगले ही दिन राजद प्रमुख लालू प्रसाद दिल्ली चले गए। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राज्यसभा सदस्य मीसा भारती भी दिल्ली के लिए रवाना हो गए। पटना हवाई अड्डे पर उन्हें बुधवार को राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, विधायक तेजप्रताप यादव एवं प्रदेश महासचिव विनोद कुमार यादव समेत कई नेताओं ने विदा किया। कहा जा रहा है कि लालू अब दीपावली और छठ पूजा के दौरान दिल्ली में रहेंगे।
दिल्ली जाने से पहले हुई थी लालू यादव की जांच
दिल्ली रवाना होने से पहले लालू की नियमित जांच के लिए उनके पारिवारिक डाक्टर सुरेंद्र प्रसाद सिन्हा आए थे। दिल्ली में मीसा भारती के सरकारी आवास में लालू स्वास्थ्य लाभ कर रहे थे। उपचुनाव में प्रचार के लिए वह 25 अक्टूबर को पटना आए थे। उन्होंने 27 अक्टूबर को दोनों सीटों पर चुनावी सभा को भी संबोधित किया था। दावा किया था कि दोनों सीटें अगर राजद जीत जाएगा तो राज्य की सरकार गिरा देंगे। हालांकि परिणाम से लालू को निराशा हुई। कहा जा रहा है कि राजद प्रमुख अब दिल्ली मेें ही रहकर डाक्टरों की देखरेख में रहेंगे।
डॉक्टर से अनुमति लेकर आए थे पटना
बताते चलें कि लालू यादव लंबे समय से बीमार चल रहे थे। दिल्ली में उनका चल रहा है। डॉक्टर से अनुमति लेने के बाद वे पटना आए थे। उनके पटना आने का कार्यक्रम एक बार टाला भी गया था। बिहार में उप चुनाव की घोषणा के बाद वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। लालू यादव के पटना आगमन पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला था। कार्यकर्ता पटना एयरपोर्ट से लेकर राबड़ी देवी के आवास तक डटे रहे थे। इसके बाद लालू यादव चुनावी सभाओं को संबोधित किया था। वे उप चुनाव के दौरान सक्रिय रहे थे।