उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बढ़ती सरगर्मी के बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को अपनी जान का खतरा महसूस हुआ है। सोमवार को उन्होंने वाराणसी के मुनारी स्थित मैदान में जनसभा में कहा कि भाजपा सरकार मेरी हत्या करा सकती है। मुझे झूठे मुकदमे में फंसाने का ताना-बाना भाजपा सरकार बुन रही है। लेकिन, मैंने करोड़ों ओम प्रकाश राजभर जैसों को लीडर बना दिया है। कितने को मारोगे, हर घर में ओम प्रकाश राजभर पैदा हो गया है।
भाजपा को जैसे सत्ता में लाया था वैसे भगाऊंगा
भागीदारी संकल्प मोर्चा में शामिल भागीदारी पार्टी (पी) द्वारा आयोजित वंचित, पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक महापंचायत में ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि बंगाल में खेला हुआ था। अब 2022 के विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश में खदेड़ा होबे। भाजपा को जिस दरवाजे से सत्ता में लाया था उसी दरवाजे से भगा कर दिखाएंगे। पूर्वांचल की जनता ओम प्रकाश राजभर के साथ चलती है तो सत्ता उसी की ओर चलती है। केंद्र और प्रदेश की सरकार को झूठा बताते हुए कहा कि महंगाई चरम पर है।
नौजवान बेरोजगार घूम रहे हैं। सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है। प्रदेश में भुखमरी फैली हुई है। गरीबों को भरपेट भोजन नहीं मिल रहा है। खाद-बीज की कीमत आसमान छू रही है। किसान जब हक मांगता है तो प्रदेश की सरकार उनको कुचलने का कार्य करती है।
मैं योगी-मोदी का जूता पोछने नहीं गया था
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि हमने भाजपा की सरकार इसलिए बनवाई थी कि सत्ता में जाने के बाद सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट लागू की जाएगी। मैं योगी और मोदी का जूता पोछने नहीं गया था। जब पिछड़ों का 27% आरक्षण लूटा गया तो पिछड़ी जाति के किसी नेता ने आवाज उठाने का काम नहीं किया। 2022 में महागठबंधन में अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बना कर दिखाउंगा। 5 साल तक गरीबों को घरेलू बिजली मुफ्त मिलेगी। सरकारी और निजी स्कूलों में एक समान पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा। गरीबों को इलाज मुफ्त दिया जाएगा।
मैं दलित विधायक किसी तरह से काम कराता रहा
अजगरा विधायक कैलाशनाथ सोनकर ने कहा कि 5 साल में हमारे सड़क के एक भी प्रस्ताव को सरकार ने पास न होने देने का अथक प्रयास किया। लेकिन, मैं दलित विधायक किसी तरह अपने विधानसभा में सड़कों का निर्माण और मरम्मत कराता रहा। आज भी मेरे कई प्रस्ताव को सरकार रोक कर रखी है।
वहीं, भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति ने महापंचायत में कहा कि सपा के साथ यह गठबंधन सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगा। भाजपा सरकार में जिस प्रकार से लूट, हत्या और बलात्कार जैसे जघन्य अपराध हो रहे हैं, पूर्ववर्ती सरकारों में ऐसा देखने को नहीं मिला था। प्रदेश की जनता इनके अत्याचार से त्रस्त होकर 2022 का इंतजार कर रही है। प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए प्रेमचंद ने कहा कि चप्पल पहनने वाले गरीब को हवाई जहाज में घुमाएंगे, ऐसा सपना दिखाकर उन्होंने गरीबों को लूट लिया है।