कांग्रेस ने 70 साल में वोट बैंक की राजनीति के अलावा कुछ नहीं कियाः नड्डा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल ने 70 साल में वोट बैंक की राजनीति के अलावा कुछ नहीं किया। नड्डा यहां मॉडल टाउन स्थित डेरावाल नगर में स्व. भोलानाथ विज जी की पुण्यस्मृति में सार्थक चौपाल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने लंबे कार्यकाल में वोट लेने के अलावा कुछ नहीं किया। उसने लोगों को मजबूत करने की कोई कोशिश नहीं की। अगर कांग्रेस ने ऐसा किया होता, तो 2014 में आने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को करीब 10 करोड़ महिलाओं को इज्जत घर (शौचालय) नहीं देने पड़ते। आज आयुष्मान भारत योजना से उन्हें मुफ्त इलाज का लाभ मिला है, ये है लोगों का सशक्तिकरण। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के तहत करीब 55 करोड़ गरीबों को 5 लाख रुपये सालाना का हेल्थ कवरेज दिया है। पहले किसी गरीब के परिजन को कैंसर हो जाए तो उनकी जमीन तक बिक जाती थी, इलाज के लिए पैसे नहीं होते थे। नड्डा ने स्व.भोलानाथ विज की चर्चा करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व सभी को साथ जोड़ने वाला था। उनका व्यक्तित्व सत्य की खोज में सारी जिंदगी लगा रहा। वो सभी जगह एक अनुशासित कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते रहे। स्व.भोलानाथ विज जी का पूरा जीवन समाज की सेवा में समर्पित रहा। भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि जिस समय हर कोई डर रहा था, संस्थाओं और संगठन का कार्य रुक गया था, उस समय भोलानाथ जी ने अपने जीवन की चिंता किए बगैर, चौपाल का कार्य चलाए रखा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here