हाथरस की पीड़िता के परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को यमुना एक्सप्रेसवे पर रोक दिया गया है। राहुल और प्रियंका के साथ रणदीप सुरजेवाला और यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी मौजूद हैं। इन्हें रोके जाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने हाइवे पर पैदल मार्च शुरू कर दिया।
इससे पहले कांग्रेस नेताओं को नोएडा बॉर्डर पर रोके जाने की आशंका थी। हालांकि पुलिस कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने डीएनडी बॉर्डर पर राहुल-प्रियंका का काफिला नहीं रोका। इसके बाद माना जा रहा था कि जेवर टोल पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के काफिले को रोका जाएगा। बहरहाल, यमुना एक्सप्रेसवे पर ही कांग्रेसी नेताओं के गाड़ियों को प्रशासन ने रोक लिया है।
बता दें कि हाथरस की गैंगरेप पीड़िता ने 15 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद मंगलवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया था। उसके बाद जिस तरह आधी रात को उसका अंतिम संस्कार कराया गया। इस पूरी घटना को लेकर विपक्ष यूपी सरकार पर हमलावर है। राहुल और प्रियंका गांधी ने इस घटना के बाद योगी सरकार पर निशाना साधा है।