सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि वह पिछड़ों के सम्मान में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की योगी सरकार में जीतना दमन व अधिकारों का हनन पिछड़ी जातियों का किया गया उतना किसी भी सरकार में नहीं हुआ। पिछड़ों के अधिकारों व सम्मान के लिए ही वह अखिलेश यादव को सीएम बनवाना चाहते हैं। कहा कि सपा सरकारों ने हमेशा हर वर्ग के साथ पिछड़ों का भी सम्मान किया है।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने गांव कूकड़ा में आयोजित भागीदारी संकल्प मोर्चा एवं भागीदारी पार्टी महापंचायत में कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार केवल बदले की भावना से काम कर रही है। अपराधियों पर भी कार्रवाई केवल जाति धर्म देखकर दुर्भावना के साथ की जा रही है। पूर्व मंत्री ने बढ़ती महंगाई, आरक्षण, नौकरी तथा कारोबार बचाने के लिए सिर्फ एक उपाय बताते हुए भाजपा सरकार को हटाने की अपील की।
सभा में सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के लिए अच्छे दिन नहीं ला सकी। अब केवल भाजपा को हटाकर ही अच्छे दिन लाए जा सकते हैं।
मांगेराम कश्यप, रामनिवास पाल, विनय पाल, साजिद हसन आदि शामिल रहे।