टिहरी में सेब से भरी पिकअप यमुना नदी में गिरी, चार घायल

उत्तराखंड के टिहरी जनपद के जौनपुर ब्लॉक अंतर्गत नैनबाग क्षेत्र में शनिवार सुबह एक पिकअप वाहन सुमन क्यारी के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर यमुना नदी के किनारे जा गिरा। वाहन सेब से लदा हुआ था और इस हादसे में उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, यह पिकअप उत्तरकाशी जिले के मोरी क्षेत्र से विकासनगर की ओर जा रही थी। तभी सुबह करीब छह बजे सुमन क्यारी के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा और यमुना नदी के किनारे जा पहुंचा।

कैंपटी थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नैनबाग में भर्ती कराया गया। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर विकासनगर रेफर कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here