दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले के स्वरूप नगर क्षेत्र में पुलिस ने एक निजी कार्यालय में जुआ खेलते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के निगम पार्षद जोगिंदर सिंह बंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक महिला समेत छह अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। वहीं, एक आरोपी छापेमारी के दौरान फरार हो गया।
कार्यालय में चल रहा था जुए का अड्डा
पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम उन्हें सूचना मिली कि कादीपुर गांव के एक कार्यालय में जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापा मारा और वहां सात पुरुषों और एक महिला को ताश के पत्तों से जुआ खेलते पाया। पुलिस की मौजूदगी देखकर कुछ लोगों ने ताश और नकदी को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें तुरंत काबू में ले लिया गया।
पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है। छानबीन के दौरान वहां से ₹4.35 लाख नकद, ताश के दो बंडल और अन्य वस्तुएं बरामद की गईं। पुलिस पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि निगम पार्षद अन्य लोगों के साथ जुए में शामिल थे। अब यह भी जांच की जा रही है कि यह कार्यालय किसका है और क्या यहां नियमित रूप से जुए का अड्डा संचालित किया जा रहा था।
AAP ने दी प्रतिक्रिया: ‘राजनीतिक षड्यंत्र है गिरफ्तारी’
आप पार्षद की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर करारा पलटवार किया है। पार्टी ने इसे “राजनीतिक साजिश” करार देते हुए कहा कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों और दिल्ली पुलिस का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है।
AAP के बयान में कहा गया, “बीते 10 वर्षों में भाजपा ने केंद्रीय एजेंसियों को अपने राजनीतिक हथियार में बदल दिया है। आज हर विपक्षी नेता के खिलाफ फर्जी केस दर्ज हो रहे हैं।”
भाजपा का तीखा हमला: ‘आप का असली चेहरा सामने आया’
वहीं, भाजपा ने इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “सत्ता छिनने के बाद अब AAP का असली चरित्र उजागर हो रहा है। सवाल ये है कि क्या पार्टी इस शर्मनाक घटना की जिम्मेदारी लेगी या हमेशा की तरह इसे साजिश बताकर टाल देगी?”
उन्होंने कहा, “AAP जो कभी ईमानदार राजनीति की बात करती थी, उसके नेता अब अपराध, भ्रष्टाचार और अनैतिकता के प्रतीक बन चुके हैं। राशन, शराब नीति, फर्जी डिग्री, यौन शोषण—इन सभी मामलों में AAP नेताओं के नाम सामने आ चुके हैं। क्या अरविंद केजरीवाल और सौरभ भारद्वाज अब इस पार्षद को पार्टी से बाहर निकालने की हिम्मत दिखाएंगे?”