यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा ने वेस्ट यूपी में पूरी ताकत झोंक दी है। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह कैराना के बाद शनिवार को मुजफ्फरनगर और देवबंद जाएंगे। शाह सहारनपुर महानगर में भी डोर टू डोर कैंपेन करेंगे। प्रभावी वोटरों के साथ भी संवाद कर भाजपा के लिए वोट मांगेगे। इस दौरान अमित शाह पदाधिकारियों के साथ बैठक कर वेस्ट यूपी की सियासी नब्ज भी टटोलेंगे।
इससे पहले दो दिसंबर को केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां आए थे। अब गृह मंत्री एक बार फिर सहारनपुर का रुख करने जा रहे हैं। वह अब शनिवार को आ रहे हैं। पार्टी की ओर से जारी अधिकृत कार्यक्रम के मुताबिक शनिवार को अमित शाह पहले मुजफ्फरनगर हेलीकाप्टर से उतरेंगे। वहां के कार्यक्रमों के बाद मुजफ्फरनगर से सड़क मार्ग से चलकर दोपहर ढाई बजे देवबंद पहुंचेंगे। देवबंद में डोर टू डोर जनसंपर्क कर भाजपा प्रत्याशी कुंवर ब्रजेशसिंह के लिए वोट मांगेगे।
उसके बाद सहारनपुर-मुजफ्फरनगर रोड स्थित कोटा स्थित इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट एंड टेक्नालाजी कालेज आएंगे। वहां पर सवा तीन बजे से चार बजे तक प्रभावी मतदाताओं के साथ संवाद करेंगे। कोटा के बाद गृहमंत्री सीधे दिल्ली रोड स्थित एक बैंक्वेट हाल आएंगे। वहां पर 4.20 बजे से 5.20 बजे तक संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही वेस्ट यूपी सियासी तस्वीर के बारे में भी जानकारी लेंगे।
महानगर में करेंगे जनसंपर्क
भाजपा के पश्चिमी क्षेत्र के मीडिया सह संयोजक गौरव गर्ग ने बताया कि अमित शाह साढ़े पांच बजे से आठ बजे तक न्यू शारदानगर कालोनी में आएंगे। कालोनी में वह डोर-टू-डोर कैंपेन करके सहारनपुर नगर के भाजपा प्रत्याशी राजीव गुंबर के लिए वोट वोट मांगेगे। शारदानगर इलाका दलित बाहुल्य है। वरिष्ठ नेता के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयरियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जेपी नड्डा 30 को शिकोहाबाद आएंगे
शिकोहाबाद। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र में जनता से जनसंपर्क कर वोट मांगेंगे। वह नेहा गेस्ट हाउस में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा जीत के लिए रणनीति तय करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को सुबह 11 हेलीकॉप्टर से आदर्श कृष्ण इंटर कॉलेज शिकोहाबाद में बनाए जा रहे हेलीपैड पर उतरेंगे। उसके बाद वह नेहा गेस्ट हाउस में पार्टी के विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और प्रत्याशियों के अलावा बीजेपी के सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव में जीत के लिए मंत्रणा करेंगे। जिससे जीत के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा जा सके। वह क्षेत्र के हिसाब से सभी कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे। कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद वह प्रतिष्ठित नागरिकों से भी उनके विचार जानेंगे। उसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष लोगों के साथ जनसम्पर्क कर अपने उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगे। इस बारे में नगर अध्यक्ष विशाल गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष 30 तारीख को शिकोहाबाद में आ रहे है। वह भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद नगर में और चिह्नित जगहों पर वोट मांगेंगे।