बदायूं: भीषण सड़क हादसे में पांचवीं मौत, गांव में पसरा मातम

बदायूं जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद शोक की लहर थमने का नाम नहीं ले रही। हादसे में घायल हुए अशोक ने बरेली के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। अशोक की मौत की खबर से गांव करखेड़ी में फिर से मातम पसर गया।

गुरुवार शाम को दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में पहले ही चार लोगों की मौके पर मौत हो गई थी। यह दर्दनाक हादसा अलउआ गांव के पास बगरैन-करखेड़ी मार्ग पर हुआ था।

हादसे की पूरी घटना

करखेड़ी निवासी अतर सिंह (40) अपने दादा बच्चू सिंह (60) के साथ बुलेट से सब्जी खरीदने बगरैन गए थे। वहीं, गांव के ही संजय (28), सोमपाल (55) और अशोक (28) एक ही बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे। रास्ते में दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पांचों लोग सिर के बल सड़क पर गिर पड़े। अतर सिंह, बच्चू सिंह, सोमपाल और संजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अशोक को बरेली रेफर किया गया था। शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन बहुत तेज गति में थे। अचानक सामने आने से दोनों बाइक सवारों ने नियंत्रण खो दिया, जिससे जबरदस्त टक्कर हुई। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बुलेट की हैंडल और पहिए टेढ़े हो गए और संजय की बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई।

गांव में पसरा मातम, एक साथ जलीं चार चिताएं

शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही चारों शव गांव लाए गए, घरों में कोहराम मच गया। सुबह 9 बजे चार अर्थियों के एक साथ उठने का दृश्य देखकर ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। गांव के श्मशान घाट पर चारों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।

अब अशोक की मौत ने शोक को और गहरा कर दिया है, जिससे गांव में फिर से गम का माहौल छा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here