उपचुनाव: घोसी में सीएम योगी की मेगा रैली आज

घोसी विधानसभा उपचुनाव दो प्रत्याशी नहीं बल्कि भाजपा और इंडिया गठबंधन के बीच का होकर रह गया है। लोकसभा चुनाव से पहले इस उपचुनाव को लिटमस टेस्ट माना जा रहा है। भाजपा ने अपने प्रत्याशी के जीत को लेकर पूरी कैबिनेट की टीम घोसी में उतार दी है। इसी क्रम में आज घोसी चीनी मिल के समीप स्थित मैदान मेंआयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जहां प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था में जुटा हुआ है, वहीं भाजपा पदाधिकारी इसे सफल बनाने जुटे हुए हैं।

सीएम योगी दिन में 1.30 बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। 2.30 बजे गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। घोसी उपचुनाव पांच सितंबर को है। भाजपा ने दारा सिंह चौहान को अपना उम्मीदवार बनाया है। सीएम योगी घोसी में दारा सिंह चौहान का प्रचार करने पहुंच रहे हैं। 

भाजपा और सपा ने झोंकी पूरी ताकत

2024 लोकसभा चुनाव से पहले हो रहे घोसी विधानसभा सीट का उपचुनाव सपा व भाजपा दोनों ही दलों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है। मऊ जिले की घोसी उपचुनाव के लिए भाजपा और सपा ने अपनी ताकत झोंक दी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीते मंगलवार को घोसी में जनसभा को संबोधित किया था। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में घोसी चीनी मिल के पास स्थित मैदान में जनसभा करेंगे। 

शिवपाल बोले- चुनाव में गड़बड़ी कर सकती है भाजपा

 पांच सितंबर को घोसी विधानसभा में होने वाले उप चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। शुक्रवार शाम समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी अरुण कुमार से मुलाकात की और पांच सितंबर को होने वाले चुनाव को निष्पक्ष कराने की मांग की। आरोप लगाया कि इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी गड़बड़ी कर सकती है।कहा कि अलग- अलग तरीके से लोगों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे मेें निष्पक्ष चुनाव को लेकर काफी दिक्कतें पैदा हो गई है। ऐसे में प्रशासन से मांग है कि उप चुनाव को निष्पक्ष रूप से कराया जाए। इससे पहले इस मांग को लेकर शिवपाल यादव लखनऊ से सीधे कलेक्ट्रेट पहुंचे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here