छत्तीसगढ़: कांग्रेस ने 30 उम्मीदवारों की सूची की जारी

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में आगामी चुनाव के लिए 30 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। सीएम भूपेश बघेल पाटन से, डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव अंबिकापुर से चुनाव लड़ेंगे। सीएम बघेल ने पहले ही कहा था कि नवरात्रि के पहले दिन रविवार को पार्टी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करेगी।

पार्टी ने कोरबा से जय सिंह अग्रवाल, कवर्धा से मोहम्मद अकबर, खैरागढ़ से यशोदा वर्मा, कांकेर से शंकर ध्रुव, नारायणपुर सीट से चंदन कश्यप, दंतेवाड़ा से के छविंद्र महेंद्र कर्मा और बस्तर से लखेश्वर बघेल को उम्मीदवार बनाया है। 

कांग्रेस की पहली सूची में बघेल कैबिनेट के सभी मंत्रियों को टिकट मिला है। एक की सीट बदली गई है। विधासभा अध्यक्ष चरण दास महंत फिर से सक्ती से मैदान में हैं। भूपेश बघेल सरकार में मंत्रीगुरु रुद्र कुमार की सीट बदल दी गई है। उन्हें इस बार अहिवारा की जगह नवागढ़ सीट से मैदान में उतारा गया है।  

इससे पहले बसपा ने आठ अगस्त को नौ प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की थी। इसके बाद भाजपा ने 17 अगस्त को 21 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की थी। फिर नौ अक्टूबर को 64 प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी की थी। छत्तीसगढ़ आम आदमी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची नौ सितंबर और दूसरी दो अक्टूबर को जारी की थी। पहली सूची में जहां 10 प्रत्याशियों को टिकट दिया था। वहीं, दूसरी सूची में 12 प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा है। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने 13 अक्टूबर को तीसरी सूची जारी की थी। इसमें 11 प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा था। इस तरह से आम आदमी पार्टी अब तक कुल 33 प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतार चुकी है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ की कुल 90 विधानसभा सीट के लिए दो चरणों में चुनाव होगा। पहले चरण का मतदान सात नवंबर को होगा और 17 नवंबर को दूसरे चरण के लिए वोट डाले जाएंगे। वहीं, तीन दिसंबर को नतीजे आएंगे। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here