कोर्ट ने आप सांसद संजय सिंह को 5 दिन की ईडी रिमांड में भेजा

दिल्ली की अदालत ने आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह को 10 अक्टूबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है। दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट में पूरे मामले पर सुनवाई हुई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को संजय सिंह को उनके दिल्ली स्थित आवास पर ईडी अधिकारियों द्वारा दिनभर चली पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। संजय सिंह को दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में गिरफ्तार किया गया है। ईडी ने आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह की 10 दिन की हिरासत का अनुरोध किया था। कोर्ट के अंदर जाते हुए संजय सिंह ने कहा था कि यह अन्याय है मोदी जी का, हारेंगे मोदी, मोदी जी चुनाव हार रहे हैं इसलिए ऐसा कर रहे हैं। 

संजय सिंह के वकील ने अदालत से कहा कि आप नेता को ईडी ने अपमानित करने के लिए गिरफ्तार किया। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये लोग सारे झूठे केस लगा रहे हैं। इतने केस लगा लिए, इतनी जांच कर ली लेकिन कुछ निकलता तो है नहीं। इस जांच-जांच के खेल में सबका समय खराब होता है। आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने आबकारी नीति मामले में राज्यसभा सदस्य संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ बृहस्पतिवार को केंद्रीय दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित आप कार्यालय में एकत्र हुए और बैनर थामे प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए सिंह की रिहाई की मांग की।

विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाले आप के नेताओं में आतिशी, गोपाल राय, जरनैल सिंह, प्रियंका कक्कड़ और रीना गुप्ता शामिल हैं। राय नेआरोप लगाया है कि सिंह की गिरफ्तारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आगामी चुनाव जीतने का एक प्रयास है क्योंकि उन्हें अपने गठबंधन पर भरोसा नहीं है। दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने विरोध प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाया, भाजपा ने देशव्यापी सर्वेक्षण कराया है और उसे पता है कि हार निश्चित है। उसका राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में विश्वास नहीं है, और इसलिए वह ईडी द्वारा गिरफ्तारी कराकर चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि प्रवर्तन निदेशालय ने सिंह को इसलिए गिरफ्तार किया है क्योंकि उन्होंने संसद में अडानी समूह से संबंधित मुद्दे उठाए थे। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here