दिल्ली में गुरुवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली। दोपहर बाद कुछ इलाकों में बारिश हुई। दोपहर 2:30 बजे से 5:30 बजे के बाद बारिश रिकॉर्ड की गई। पालम में 1.4 मिमी, नरेला में 27.5, मुंगेशपुर में 000.5, नजफगढ़ में 027.5, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 010.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे शाम के समय मौसम सुहावना हो गया। वहीं, अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने सम्मेलन स्थल भारत मंडपम के लिए 9 व 10 सितंबर को बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने अलग से जी-20 बुलेटिन जारी किया है। इसके अनुसार शुक्रवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जबकि 8 से 10 सितंबर के बीच तापमान 35-39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।मौसम विभाग ने सम्मेलन को लेकर वेबसाइट पर स्पेशल वेब पेज तैयार किया है। इस पर लगातार अपडेट के लिए विशेष बुलेटिन जारी किए जाएंगे।
9 सितंबर को भी बादल छाए रहेंगे और शाम व रात के समय बारिश की संभावना है। शनिवार को अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री के बीच रहेगा। अधिकतम नमी का स्तर 85-95 फीसदी व न्यूनतम 50-60 फीसदी रहेगा। रविवार को भी बादल छाए रहने और बारिश के आसार हैं। अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25-27 डिग्री के बीच रहेगा। नमी का स्तर 85-95 व न्यूनतम नमी का स्तर 50-60 फीसदी के बीच ही रहेगा।