शामली। मेरठ के सरधना क्षेत्र के गांव नानू की एक महिला ने चौसाना चौकी पर शिकायत दर्ज कराते हुए अपनी बेटी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने आशंका जताई है कि उसकी बेटी अपने प्रेमी के साथ मिलकर दामाद की हत्या की साजिश रच सकती है। पुलिस अधीक्षक ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
शिकायत के अनुसार, महिला की बेटी की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व झिंझाना थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक से हुई थी। मई 2025 में महिला के दामाद ने बताया कि उसकी पत्नी के संबंध ससुराल के पास ही रहने वाले एक युवक से हो गए हैं।
इसके बाद महिला ने गांव जाकर बेटी को समझाया और उसे मायके ले आई। लेकिन 31 मई को उसकी बेटी प्रेमी के साथ चली गई। महिला ने बताया कि उन्होंने इसके बाद बेटी से सभी रिश्ते खत्म कर दिए।
महिला का आरोप है कि बुधवार रात उसकी बेटी, प्रेमी और उसके परिजनों के साथ दामाद के घर पहुंची, ताला तोड़कर जबरन मकान पर कब्जा कर लिया और वहां रहने लगी। साथ ही बेटी पर घर से 30 हजार रुपये ले जाने का भी आरोप लगाया गया है।
महिला ने आशंका जताई है कि उसकी बेटी अपने प्रेमी के साथ मिलकर दामाद को नुकसान पहुँचा सकती है। उसने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
इस घटना को लेकर गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। गुरुवार शाम दोनों पक्ष चौसाना चौकी पहुंचे, लेकिन देर रात तक कोई समझौता नहीं हो सका। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है, लेकिन जानकारी लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।