राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के खिलाफ अब नोएडा में FIR दर्ज हुई है. नोएडा के थाना इकोटेक पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत 153 नामजद और 50 दूसरे लोगों के खिलाफ ये FIR दर्ज की गई है. मामला धारा-155/2020, 188, 269, 270 आईपीसी और 3 महामारी एक्ट के तहत रजिस्टर किया गया है.
बता दें कि 1 अक्टूबर को हाथरस केस के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस कार्यकर्ताों को पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर गिरफ्तार कर लिया. कुछ देर तक पुलिस ने राहुल-प्रियंका समेत कांग्रेस के नेताओं को एक गेस्ट हाउस पर रोका, बाद में दिल्ली वापस ले आई. हाईवे पर राहुल को रोकने के दौरान पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की में राहुल गांधी जमीन पर जा गिरे.
राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और दूसरे नेताओं के साथ गुरुवार सुबह हाथरस के लिए रवाना हुए थे. लेकिन यमुना एक्सप्रेस-वे पर पहुंचते ही इनके वाहनों को पुलिस ने रोक दिया.घटनास्थल से मिले वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को धक्का दिया, जिससे राहुल गांधी जमीन पर गिर गए.
राहुल गांधी का योगी आदित्यनाथ पर हमला
राहुल गांधी ने पुलिस के रोके जाने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला. राहुल ने एक ट्वीट में आरोप लगाया कि प्रदेश में जंगलराज का यह आलम है कि शोक में डूबे एक परिवार से मिलना भी सरकार को डरा देता है.उन्होंने ट्वीट किया, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दुख की घड़ी में अपनों को अकेला नहीं छोड़ा जाता. उप्र में जंगलराज का ये आलम है कि शोक में डूबे एक परिवार से मिलना भी सरकार को डरा देता है. इतना मत डरो, मुख्यमंत्री महोदय!”
अलग-अलग राज्यों में प्रदर्शन
राहुल गांधी-प्रियंका गांधी पर हुई पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ अब देश के अलग-अलग राज्यों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की तस्वीरें सामने आ रही हैं. राजस्थान, दिल्ली, मुंबई और जयपुर में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया.