घोसी उपचुनाव के परिणाम पर सबकी निगाहें टिकी हैं। यहां मुकाबला सपा के सुधाकर सिंह भाजपा के दारा सिंह चौहान के बीच है। 17 राउंड की काउंटिंग के दौरान सपा ने भाजपा पर भारी बढ़त बना ली है। दारा सिंह चौहान करीब 23 हजार मतों से पिछड़ रहे हैं। घोसी उपचुनाव में साइकिल दौड़ने से सपा और उसके गठबंधन के नेताओं व कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।
अंतिम परिणाम आने से पहले ही कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। वाराणसी में सपा के सहयोगी दल राष्ट्रीय समता पार्टी के संयोजक शशि प्रताप सिंह ने सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर की तस्वीर पर कालीख पोती। कार्यकर्ताओं ने सुभासपा प्रमुख के खिलाफ नारेबाजी की।
अखिलेश यादव उत्तम और सर्वोत्तम नेता
शशि प्रताप सिंह ने कहा कि चुनाव का अंतिम परिणाम आने से पहले हमलोग जश्न मना रहे हैं। यूपी सरकार के 40 मंत्री भी घोसी में अखिलेश यादव को नहीं हरा सके। 40 मंत्री बनाम अखिलेश यादव में सपा प्रमुख की जीत हुई। सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह भारी अंतर से चुनाव जीतने जा रहे हैं। घोसी का जनादेश बताता है कि यूपी में अखिलेश यादव उत्तम और सर्वोत्तम नेता है।
ओमप्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए शशि प्रताप ने कहा कि सुभासपा प्रमुख की दुर्गति अभी बाकी है। आज उनकी तस्वीर पर कालीख पोती है। कल वो अपने अमर्यादित टिप्पणीयों के लिए सड़क पर पिटे जाएंगे। विधानसभा से भी भगाए जाएंगे। जिस प्रकार का बयान उन्होंने घोसी उपचुनाव के दौरान दिया है, उसके बाद से जनता अब उन्हें ढूंढ रही है।
कहा कि मौकपरस्त ओमप्रकाश राजभर कभी समाजवादी पार्टी तो कभी भाजपा और बसपा के पक्ष में बयान देते रहते हैं। जनता उन्हें पहचान चुकी है। बता दें कि शशि प्रताप सिंह कभी सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर के बेहद करीबी रहे हैं। बीते साल जुलाई में शशि प्रताप सिंह ने राजभर से 17 साल पुराना रिश्ता तोड़ लिया था।
घोसी उपचुनाव के प्रचार में सुर्खियों में थे राजभर
दरअसल, सपा छोड़कर बीजेपी के पाले में गए ओमप्रकाश राजभर ने घोसी उपचुनाव में जमकर प्रचार किया था। उन्होंने सपा को हराने और बीजेपी को जिताने के बड़े-बड़े दावे किए थे। कई विवादित बयान भी दिए थे। शशि प्रकाश सिंह ने सुभासपा के मुखिया के बारे में कहा कि राजभर जितना झूठ बोलते हैं कोई नहीं बोल सकता।