गिरिडीह: श्रद्धालुओं से भरी टेंपो पलटी, दो की मौत; कई घायल

झारखंड के गिरिडीह जिले में तीसरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। राजधनवार से हथियागढ़ जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो घाटी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रद्धालु सुबह पूजा-अर्चना के लिए राजधनवार से हथियागढ़ की ओर जा रहे थे। घाटी के पास तेज मोड़ पर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन पलट गया। घटना इतनी भयावह थी कि सवार लोग चीखने लगे। आसपास के लोग तुरंत मदद को पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन ने ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को गिरिडीह जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने कहा कि कई घायलों की स्थिति नाजुक है।

पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पहचान की प्रक्रिया जारी है और पहचान होते ही परिजनों को सूचित किया जाएगा।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे का मुख्य कारण खराब सड़क है। गिरिडीह-राजधनवार मार्ग की जर्जर हालत के कारण इलाके में अक्सर हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने इस सड़क का तुरंत मरम्मत और निर्माण कराने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here