हिमाचल: मानसून सत्र में भी खाली रहेंगे मंत्रियों के तीन पद

हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार फिर अटक गया है। विधानसभा के इस मानसून सत्र में भी मंत्रियों के तीन पद खाली रहने वाले हैं। अब विधानसभा के शीत सत्र तक ही नए मंत्री बनाए जा सकते हैं। वर्तमान राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के अलावा आठ मंत्री हैं। सीएम सहित मंत्रिमंडल में कुल 12 सदस्य हो सकते हैं। सुक्खू मंत्रिमंडल में विस्तार के बारे में पिछले कई महीनों से पहेलियां चल रही हैं।

सुक्खू जब-जब दिल्ली जाते हैं, तब-तब यह चर्चा छिड़ती रही है कि कभी भी कैबिनेट का विस्तार हो सकता है।हालांकि, मुख्यमंत्री सुक्खू इस बारे में अभी पत्ते नहीं खोल रहे हैं। वर्तमान कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद भी एकदम से मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं किया। सबसे पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 11 दिसंबर को शपथ ली।

उसके बाद करीब एक माह के सस्पेंस के बाद आठ जनवरी को सात मंत्रियों धनीराम शांडिल, चंद्र कुमार, हर्षवर्धन चौहान, जगत सिंह नेगी, रोहित ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह और विक्रमादित्य सिंह को शपथ दिलाई गई। इन मंत्रियों के शपथ लेने के बाद अभी तक तीन मंत्रियों के पद खाली रखे गए हैं। अनेक बार इसकी चर्चा हुई है कि बिलासपुर जिले के घुमारवीं से राजेश धर्माणी को मंत्री बनाया जा सकता है।

इनके अलावा कांगड़ा जिले से भी दो और मंत्री बनाए जाने की चर्चा होती रही है। पर अभी तक कोई निर्णय नहीं हो सका है। पहले माना जा रहा था कि मानसून सत्र से पहले तीन और मंत्री हिमाचल प्रदेश को मिल जाएंगे, मगर अब ऐसा लग रहा है कि मामला फिर आगे सरक गया है। अब शीत सत्र से पहले या फिर लोकसभा चुनाव से पहले राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार की संभावना है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here