किन्शासा। मध्य अफ्रीकी देश कांगो के पूर्वी हिस्से, खासतौर पर इरुमु क्षेत्र में आईएस समर्थक उग्रवादी संगठन एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेस (ADF) ने भयावह हमला कर 66 लोगों की निर्मम हत्या कर दी। यह इलाका युगांडा की सीमा से सटा हुआ है और लंबे समय से हिंसा की चपेट में रहा है।
स्थानीय प्रशासन और संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने बताया कि यह हमला गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात इरुमु के वाल्से वोनकुतु क्षेत्र में हुआ। प्रारंभिक जानकारी में 30 मौतों की पुष्टि हुई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या 66 तक पहुंच गई।
महिलाएं भी बनीं निशाना, धारदार हथियारों से की गई हत्या
स्थानीय नागरिक समाज के अध्यक्ष मार्सेल पलुकु के मुताबिक, हमलावरों ने अधिकतर लोगों को चाकू और धारदार हथियारों से मौत के घाट उतारा। मृतकों में कई महिलाएं भी शामिल हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने लोग लापता हैं या बंधक बनाए गए हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह हमला हाल ही में कांगो और युगांडा की सेना द्वारा किए गए संयुक्त हवाई हमलों के जवाब में किया गया हो सकता है।
1990 के दशक में बना था ADF, 2019 में जुड़ा इस्लामिक स्टेट से
ADF की स्थापना 1990 के दशक के अंत में युगांडा में हुई थी और यह समूह बाद में कांगो के पूर्वी हिस्से में सक्रिय हो गया। 2019 में इसने खुद को इस्लामिक स्टेट से जोड़ लिया और तब से लगातार हिंसक वारदातों को अंजाम दे रहा है। इस्लामी चरमपंथ के नाम पर यह संगठन सीमाई इलाकों में लगातार नागरिकों को निशाना बना रहा है।
लगातार बढ़ रहे ADF के हमले
ADF के हमले अब सीमित इलाकों तक नहीं रह गए हैं। हालिया घटनाएं पूर्वी कांगो के बड़े शहर गोमा और इतुरी प्रांत तक पहुंच चुकी हैं। मानवाधिकार संगठनों और संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्टों के अनुसार, ADF अब तक सैकड़ों लोगों की हत्या कर चुका है और बच्चों समेत अनेक लोगों को अगवा कर चुका है। पिछले साल दिसंबर में भी इसी संगठन ने उत्तरी किवु में हमला कर 10 लोगों को मौत के घाट उतार दिया था और कई नागरिकों का अपहरण कर लिया गया था।