यूपी: ढाई लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो की कोठी कुर्क, ढोल-नगाड़ों संग पहुंची पुलिस

उत्तर प्रदेश पुलिस के ढाई लाख रुपए के इनामी कुख्यात बदमाश बदन सिंह बद्दो की कोठी को मेरठ पुलिस ने शनिवार सुबह कुर्क कर लिया। पुलिस ढोल नगाड़े बजाते हुए कोठी पर पहुंची और सारा सामान कुर्क करके ले गई।

एसपी कृष्ण बिश्नोई और ब्रह्मपुरी सीओ अमित कुमार राय के नेतृत्व में ब्रह्मपुरी और टीपीनगर थाना पुलिस पंजाबीपुरा में पहुंची। पुलिस को घर के भीतर बदन सिंह बद्दो की बहन मौजूद मिली। कुर्की से पहले मकान के सभी दस्तावेजों की पुलिस जांच कर चुकी थी। दस्तावेजों में यह मकान बद्दो के नाम पर है। पुलिस ने अदालत का कुर्की आदेश पढ़कर सुनाया। इसके बाद कोठी और उसके भीतर मौजूद सभी सामान को कुर्क कर लिया गया। पुलिस ने कई गाड़ियां बुलवाकर कोठी से सामान को निकलवाया। वेस्टर्न यूपी का कुख्यात बदमाश बदन सिंह बद्दो 28 मार्च 2019 से फरार है। आजीवन कारावास की सजा पा चुका बदन सिंह बद्दो उस रोज फतेहगढ़ सेंट्रल जेल से गाजियाबाद अदालत में पेशी पर आया था। पुलिसकर्मियों को साठगांठ करके मेरठ तक ले आया और यहां दिल्ली रोड पर मुकुट महल होटल से फरार हो गया। तब से आज तक बद्दो का कुछ पता नहीं है। पिछले दिनों सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक सोम की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव गृह से पूछा है कि बदन सिंह बद्दो की गिरफ्तारी करने के लिए उन्होंने अब तक क्या क्या प्रयास किए। माना जा रहा है कि हाईकोर्ट की सख्ती के बाद ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here