महाराष्ट्र के जालना में शुक्रवार सुबह भोकरदन-जाफराबाद रोड के गड़ेगव्हान गांव में एक कार 70 फीट गहरे कुएं में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। कार छत्रपति संभाजीनगर से जाफराबाद की ओर जा रही थी। हादसे के दौरान कार ने पहले मॉर्निंग वॉक पर निकले एक स्थानीय निवासी को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान पद्माबाई भांबरे, ज्ञानेश्वर भांबरे, ज्ञानेश्वर डाकले, निर्मला डाकले और अजिनाथ भांबरे के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम, दमकल विभाग और जिला आपदा प्रबंधन इकाई मौके पर पहुंची। लगभग कई घंटों की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया। कार को कुएं से बाहर निकालने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया गया। बताया गया कि कुएं में करीब 60 फीट पानी भरा हुआ था, जिससे राहत-बचाव कार्य में कठिनाई आई। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।