ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित ऐस सिटी सोसाइटी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। सोसाइटी की 13वीं मंजिल से गिरने के कारण मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान 37 वर्षीय साक्षी चावला और उनके 11 वर्षीय बेटे दक्ष चावला के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची बिसरख थाना पुलिस ने हालात का जायजा लिया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि बच्चा मानसिक रूप से अस्वस्थ था, जिससे परिवार लंबे समय से परेशान चल रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक महिला और बच्चा बालकनी से नीचे आ गिरे। चंद सेकंड में उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल सुरक्षा गार्डों के जरिए पुलिस को सूचित किया। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि यह घटना आत्महत्या थी या फिर कोई हादसा।