चेन्नई के एक निजी अस्पताल में शुक्रवार को नगालैंड के राज्यपाल ला गणेशन का निधन हो गया। कोहिमा राजभवन के अधिकारियों के अनुसार, वे पिछले कुछ दिनों से अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे और चिकित्सकों की विशेष देखरेख में उपचार चल रहा था।
घर में गिरने से लगी थी चोट
8 अगस्त को घर में अचानक गिरने से गणेशन के सिर में गंभीर चोट आई थी। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां गहन उपचार के लिए आईसीयू में रखा गया।
2023 में बने थे नगालैंड के 21वें राज्यपाल
ला गणेशन को 12 फरवरी 2023 को नगालैंड का 21वां राज्यपाल नियुक्त किया गया था और 20 फरवरी को उन्होंने पदभार ग्रहण किया था। उनके निधन से राज्य और राजभवन में शोक की लहर है।
नेताओं ने जताया शोक
नगालैंड के उपमुख्यमंत्री यंथुंगो पैटन ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में गणेशन ने गरिमा, विनम्रता और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का परिचय दिया। अपने कार्यकाल में उन्होंने सद्भाव, विकास और जनकल्याण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य किया, जिससे उन्हें व्यापक सम्मान और स्नेह मिला।