मौसम विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरूवार को न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो कि पिछले 26 वर्षो में अक्टूबर महीने में सबसे कम था। वर्ष के इस समय के लिए समान्य न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री सेल्सियस है। आईएमडी ने कहा कि 1 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक घटने की संभावना है।
आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पिछली बार अक्टूबर में दिल्ली में इतना कम तापमान वर्ष 1994 में दर्ज किया गया था। राष्ट्रीय राजधानी में 31 अक्टूबर, 1994 में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर, 1937 में दिल्ली में अब तक के न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
आईएमडी के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया कि इस बार इतने कम और न्यूनतम तापमान के लिए क्लाउड कवर का अभाव प्रमुख कारण था। उन्होंने ने इसका एक और कारण शांत हवाओं को बताया, जो धुंध और कोहरे को बढ़ाती है। वहीं, आईएमडी ने दक्षिणी राज्य क्रमशः केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में अगले पांच दिनों की भविष्यवाणी करते हुए कहा है कि वहां मध्यम गरज के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।