उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि केंद्र सरकार का बजट देश को विकसित भारत बनाने का बजट है। इस बजट से देश 2029 तक दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की 25 करोड़ जनता को गरीबी के दलदल से बाहर निकाला है। विपक्ष के पास बजट की आलोचना का कोई मुद्दा नहीं है। विपक्ष वहीं पुराने घिसे-पीटे शब्दों से बजट की आलोचना कर रहा है। जनमंच सभागार में केंद्रीय बजट पर हुई संगोष्ठी में केशव प्रसाद मौर्य बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार के बजट में विकसित भारत और विकसित प्रदेश का संकल्प रखा है। जब भारत विकसित होगा, तो प्रदेश भी विकसित होगा। गुजरात से निकले विकास मॉडल को आज दुनिया के विकासशील देश भी अपना रहे हैं। प्रधानमंत्री की मंशा है कि दुनिया की हर टेबल पर भारत के किसानों के उत्पाद हों। हमने ना सिर्फ किसानों की आय को दोगुना करने का संकल्प लिया है, बल्कि देश में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए भी बजट में प्रावधान किए हैं। स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए भी बजट में राशि का आवंटन किया गया है। शहर से लेकर गांव तक के विकास की योजनाओं की घोषणा बजट में की गई है।
उन्होंने कहा कि महाकुंभ में देशभर से 60 करोड़ से अधिक लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई है। यह प्रदेश में कानून के राज की गारंटी है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सहारनपुर में पहले जहां चार से आठ घंटे बिजली आती थी, भाजपा सरकार में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश के विकास के लिए हर जिले में पांच हजार उद्योगों की स्थापना की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने के लिए कृत संकल्प हैं। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, उन्हें जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने भारत-पाकिस्तान मैच का भी जिक्र किया। उन्होंने भारतीय टीम को जीत के लिए शुभकामनाएं दी।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह, विधायक राजीव गुंबर, कीरत सिंह एवं मुकेश चौधरी, डीसीबी चेयरमैन राजपाल सिंह जुड्डा, जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सैनी, डीसीडीएफ चेयरमैन सोनेंद्र राणा, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, पूर्व मेयर संजीव वालिया, पूर्व विधायक महीपाल माजरा, नरेश सैनी, धर्म सिंह सैनी एवं जगपाल सिंह, कार्यक्रम संयोजक किशोर शर्मा, महानगर महामंत्री शीतल विश्नोई, मीडिया प्रभारी गौरव गर्ग, विपिन चौधरी, प्रदीप शर्मा, अनिल मित्तल, डॉ.नीलू राणा, योग चुग आदि मौजूद रहे।