पंजाब में अकाली दल के नेता रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा का देहांत हो गया है। ब्रह्मपुरा अकाली दल बादल के सरपरस्त थे, ब्रह्मपुरा की ओर से पहले अकाली दल बादल से अलग होकर शिरोमणि अकाली दल टकसाली का भी गठन किया गया था। बाद में ब्रह्मपुरा अपने समर्थकों समेत वापस अकाली दल में शामिल हो गए और अकाली दल की लीडरशिप में उनको प्रकाश सिंह बादल के बराबर अकाली दल का नेता बना दिया था। ब्रह्मपुरा कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा था। पीजीआई में आज उन्होंने अंतिम सांस लिया।
सीएम मान ने जताया शोक
सीएम भगवंत मान ने ब्रह्मपुरा के निधन पर शोक जताया है। सीएम ने ट्वीट किया कि वरिष्ठ अकाली नेता स. रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा के निधन का समाचार प्राप्त हुआ है…मैं इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना करता हूं।
ब्रह्मपुरा के निधन पर ढींडसा ने जताया गहरा दुख
शिरोमणि अकाली दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष सुखदेव सिंह ढींडसा ने वरिष्ठ अकाली नेता और पूर्व सांसद रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा के निधन पर गहरा दुख जताते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। ढींडसा ने अपने शोक संदेश में कहा कि जत्थेदार ब्रह्मपुरा मेरे पुराने मित्र थे और हमने लंबे समय तक साथ काम किया। जत्थेदार ब्रह्मपुरा के जाने से पंथ को बड़ा नुकसान हुआ है। ढींडसा ने कहा कि ब्रह्मपुरा जमीन से जुड़े जननेता थे और धार्मिक क्षेत्र और समाज सेवा के लिए उनके कार्यों को हमेशा याद किया जाएगा। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वे शोकाकुल आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।