गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री और मुरादनगर विधानसभा सीट से छह बार विधायक रह चुके वरिष्ठ नेता राजपाल त्यागी का शुक्रवार (आज) सुबह निधन हो गया। वे 80 वर्ष के थे और काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। निधन की जानकारी उनके पुत्र और मौजूदा भाजपा विधायक अजीतपाल त्यागी ने सोशल मीडिया पर साझा की।
जानकारी के अनुसार, राजपाल त्यागी पिछले पंद्रह दिनों से गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती थे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके परिवार में पत्नी लोकेश त्यागी और दो पुत्र—गिरीश पाल त्यागी व अजीतपाल त्यागी हैं।
राजनीतिक यात्रा: कांग्रेस से लेकर निर्दलीय तक
राजपाल त्यागी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की थी और वे आठ वर्षों तक गाजियाबाद कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रहे। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़कर सफलता प्राप्त की। उन्होंने छह बार विधायक और तीन बार राज्य मंत्री के रूप में भी सेवाएं दीं।
राजनीतिक लोकप्रियता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे दो बार कांग्रेस, एक बार सपा, एक बार बसपा और दो बार निर्दलीय विधायक के रूप में चुने गए। 2012 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से खुद को अलग कर लिया और उनके बेटे अजीतपाल त्यागी ने 2017 व 2022 में भाजपा प्रत्याशी के रूप में मुरादनगर से जीत दर्ज की।
आज शाम होगा अंतिम संस्कार
राजपाल त्यागी का अंतिम संस्कार रविवार शाम चार बजे हिंडन श्मशान घाट पर किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में जिले के तमाम दलों के वरिष्ठ नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय जनता के शामिल होने की संभावना है। उनके निधन से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।