चार दिनों से जारी थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा संघर्ष शनिवार रात युद्धविराम पर आकर थम गया। थाईलैंड ने यह फैसला अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपील के बाद लिया। थाई उप प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचाई ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने दोनों देशों से तत्काल संघर्ष विराम लागू करने का आग्रह किया था।
थाई सरकार ने अमेरिका की पहल और सद्भाव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह सैद्धांतिक रूप से युद्धविराम के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए कंबोडिया को भी गंभीरता से ठोस कदम उठाने होंगे।
थाईलैंड की स्पष्ट शर्तें
वेचायाचाई ने साफ किया कि युद्धविराम तभी प्रभावी हो सकता है जब कंबोडिया विवादित सीमा क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों पर रोक लगाए और थाईलैंड के साथ सीधे संवाद की प्रक्रिया अपनाए। उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि राष्ट्रपति ट्रंप इस संदेश को कंबोडियाई नेतृत्व तक पहुंचाएं।
अमेरिका बना मध्यस्थ
इस पूरे घटनाक्रम में अमेरिका ने मध्यस्थता की भूमिका निभाने की इच्छा जताई है और दोनों देशों के बीच जारी तनाव को कूटनीतिक स्तर पर हल करने की बात कही है।