अमेरिका के दो राज्यों में आए भयंकर बवंडर ने कहर बरपाया, जिसमें कम से कम 21 लोगों की जान चली गई है। केंटकी के अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के चलते 14 लोगों की मौत हुई है, जबकि मिसौरी में सात लोगों की जान गई, जिसमें सेंट लुइस शहर के पांच लोग शामिल हैं। केंटकी में शनिवार सुबह लॉरेल काउंटी में बवंडर का असर देखा गया। अधिकारियों का मानना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
मिसौरी में भारी नुकसान
मिसौरी के अधिकारियों ने जानकारी दी कि शुक्रवार को आए बवंडर के कारण करीब 5,000 इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। कई घरों की छतें उखड़ गईं और बिजली की लाइनों के टूटने से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। बवंडर के चलते करीब 6.50 लाख लोगों के घरों की रोशनी चली गई। अग्निशमन विभाग ने सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर जाकर तलाशी अभियान चलाया।
राहत और बचाव कार्य जारी
केंटकी के लॉरेल काउंटी में गंभीर चोटें आने की भी खबर है। शेरिफ जॉन रूट ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि प्रभावित क्षेत्रों में जीवित बचे लोगों की तलाश जारी है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, फॉरेस्ट पार्क के पास स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे बवंडर आया। सेंट लुइस फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि सेंटेनियल क्रिश्चियन चर्च का एक हिस्सा ढहने के बाद तीन लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया, जिनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
सुरक्षा के मद्देनजर कर्फ्यू
मलबे और लूटपाट की घटनाओं को रोकने के लिए सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाया गया है। सेंट लुइस की मेयर कारा स्पेंसर ने कहा कि जीवन की हानि और विनाश बहुत भयावह है। उन्होंने कहा, “आने वाले दिनों में काफी काम करना होगा, लेकिन फिलहाल लोगों की जान बचाने और उनकी सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।”
अन्य प्रभावित क्षेत्र
अमेरिकी राष्ट्रीय मौसम सेवा ने बताया कि पड़ोसी राज्य इलिनोइस में भी बवंडर का असर देखा गया। इसके अलावा, पूर्व की ओर अटलांटिक तट तक भी मौसम की स्थिति गंभीर बनी हुई है।