अर्थव्यवस्था और रोजगार के विकास का इंजन है पर्यटन : बिरला

नयी दिल्ली। विश्व पर्यटन दिवस पर ‘आतिथ्य उद्योग के राष्ट्रीय एकीकृत डेटाबेस’ (निधि) के दूसरे चरण की सोमवार को शुरूआत करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि पर्यटन अर्थव्यवस्था और रोजगार के विकास के इंजनों में से एक है इसलिए इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

बिरला ने कहा कि कोविड के बाद भारत में पर्यटन क्षेत्र तेजी से पुनर्जीवित हो रहा है। प्रतिबद्ध और सामूहिक प्रयास यह सुनिश्चित करेंगे कि भारत दुनिया में सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थल के रूप में उभरे। उन्होंने कहा, “जिस तरह से हमने सामूहिक रूप से कोविड-19 को हराया, हमारी सामूहिक शक्ति और समन्वित प्रयास हमारी अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।”

उन्होंने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविधता दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। हमारा लक्ष्य भारत को नंबर एक पर्यटन स्थल बनाना होना चाहिए।

बिरला ने सुझाव दिया कि ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महत्वाकांक्षी और निरंतर प्रयासों की जरूरत है। यह हस्तशिल्प और अन्य ग्रामीण उत्पादों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा। इसी प्रकार कम लोकप्रिय पर्यटन स्थलों को भारत के पर्यटन मानचित्र पर लाया जाना चाहिए। इस अवसर पर बिरला ने ‘भारत पर्यटन सांख्यिकी: एक नज़र में 2021’ को भी जारी किया। साथ ही पर्यटन मंत्रालय, संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) और द रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म सोसाइटी ऑफ इंडिया (आरटीएसओआई) ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।

इस मौके पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र उन क्षेत्रों में शुमार है, जिन्हें इस महामारी के कारण बहुत नुकसान हुआ है। पर्यटन की जल्द बहाली इसके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश 85 करोड़ से अधिक नागरिकों का टीकाकरण कर चुका है। टीकाकरण रणनीति के साथ हम नए साल की शुरुआत में देश को पर्यटन के लिए फिर से खोलने के करीब हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दृष्टिकोण रोजगार सृजन और समावेशी विकास के लिए पर्यटन को एक उपकरण के रूप में उपयोग करने का है। समारोह को पर्यटन राज्य मंत्री श्रीपद नाईक ने संबोेधित किया और संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन के महासचिव जुराब पोलोलिकाश्विली का वीडियो मैसेज सुनाया गया।

गौरतलब है कि निधि पाेर्टल को पर्यटन मंत्रालय ने शुरू किया था। अब तक इसमें 44 हजार से अधिक ठहरने की इकाईयां पंजीकृत हैं। इसका विस्तार करके ट्रैवल एजेंट, टूर ऑपरेटर, पर्यटन ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स, खानपान इकाईयाें, ऑनलाइन ट्रैवल समूहों आदि को शामिल किया गया है।

इस साल विश्व पर्यटन दिवस की थीम ‘समावेशी संवृद्धि के लिए पर्यटन’ है। विश्व पर्यटन दिवस हर साल 27 सितंबर को मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन ने 1980 में इस तिथि का चुनाव किया था। इसी दिन 1970 में संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन कानून को स्वीकारा गया था। इस संगठन का उद्देश्य विश्व में पर्यटन को बढ़ावा देना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here