ड्रग्स केस में कॉमेडियन भारती सिंह और पति हर्ष लिंबाचिया को मिली जमानत

मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया को मुंबई की एक अदालत से जमानत मिल गई है। शनिवार (21 नवंबर) को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने मुंबई में भारती सिंह के घर पर छापेमारी की थी। इस दौरान उनके घर से गांजा बरामद किया गया था। पूछताछ में भारती सिंह और उनके पति हर्ष ने कबूला कि उन्होंने गांजे लिए थे। भारती को करीब 6 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद देर रात उनके पति हर्ष लिंबाचिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया था। कोर्ट ने दोनों को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा था।

दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मामले में ड्रग्स की बात सामने आने के बाद फिल्म और टीवी जगत की कई हस्तियों से NCB (एनसीबी) ने पूछताछ की। NCB ने इस सिलसिले में कई नामी लोगों के घर छापेमारी भी की। इसमें अब ताजा नाम मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह का भी जुड़ गया है। NCB के मुताबिक, भारती के घर और प्रोडक्शन हाउस पर की गई छापेमारी में 86.5 ग्राम गांजा मिला था। विभाग के अधिकारियों का दावा था कि भारती सिंह और उनके पति ने गांजे के सेवन की बात स्वीकार की है। भारती सिंह के साथ-साथ उनके पति हर्ष लिंबाचिया को भी गिरफ्तार किया गया था।

मुंबई की अदालत ने कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया को चार दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा था। न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के तुरंत बाद दंपति ने वकील अयाज खान के जरिए जमानत याचिकाएं दायर की। जांच एजेंसी के एक अधिकारी ने पहले बताया था कि एक गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को NCB ने बॉलीवुड में कथित नशीले पदार्थ के सेवन की जांच के सिलसिले में भारती सिंह के घर और ऑफिस की तलाशी ली और इस दौरान उनके घर से 86.5 ग्राम गांजा बरामद हुआ। NCB की एक बयान में बताया गया था कि भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया ने गांजे का सेवन करना स्वीकार किया है।

एजेंसी के एक अधिकारी ने कहा कि सिंह के घर से कथित तौर पर बरामद मात्रा कानून के तहत छोटी मात्रा है। एक हजार ग्राम गांजे तक को छोटी मात्रा माना जाता है और इसके लिए छह महीने तक की जेल या 10,000 रुपये का जुर्माना या दोनों सजा हो सकती है। वहीं, 20 किलोग्राम या इससे अधिक होने पर 20 साल तक की जेल हो सकती है। इसके बीच की मात्रा के लिए 10 साल की जेल की सजा हो सकती है। भारती सिंह टीवी पर कई कॉमेडी और रियलिटी शो में दिखती रही हैं। NCB जून में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद बॉलीवुड में ड्रग्स के कथित सेवन की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here