महाराष्ट्र में मुख्य सचिव पद पर पहली बार महिला अफसर

महाराष्ट्र को पहली बार महिला मुख्य सचिव मिला है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुजाता सौनिक ने रविवार को महाराष्ट्र की मुख्य सचिव के रूप में पदभार ग्रहण किया। इसी के साथ आईएएस सुजाता सौनिक, महाराष्ट्र के 64 वर्षों के इतिहास में मुख्य सचिव बनने वालीं पहली महिला बनीं हैं। आईएएस सुजाता सौनिक वर्ष 1987 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। उन्हें नितिन करीर की जगह मुख्य सचिव बनाया गया है। करीर मुख्य सचिव के पद से सेवानिवृत हो गए हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि सुजाता सौनिक का कार्यकाल एक वर्ष का होगा क्योंकि जून 2025 में वे भी सेवानिवृत हो जाएंगीं। मुख्य सचिव पद के लिए सुजाता सौनिक के अलावा राजस्व विभाग से अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश कुमारी (1987 बैच) और मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव इकबाल चहल (1989 बैच) समेत दो अन्य प्रमुख दावेदार थे।

सुजाता सौनिक के पति मनोज सौनिक भी रह चुके हैं मुख्य सचिव 

दक्षिण मुंबई स्थित राज्य सचिवालय में आयोजित किए गए एक समारोह में नितिन करीर ने सुजाता सौनिक को कार्यभार सौंपा। आईएएस सुजाता सौनिक के पति मनोज सौनिक भी इससे पहले राज्य के मुख्य सचिव रह चुके हैं। वर्तमान में मनोज सौनिक मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार हैं। मुख्य सचिव बनने से पहले आईएएस सुजाता राज्य के गृह विभाग में अपर मुख्य सचिव रह चुकीं हैं। सुजाता सौनिक के पास सार्वजनिक नीति और शासन के क्षेत्र में तीन दशक का अनुभव है। उन्होंने स्वास्थ्य, वित्त, शिक्षा, आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में अलग अलग पदों पर रहते हुए अहम भूमिका निभाई है। आपको बता दें कि महाराष्ट्र में आज तक किसी भी महिला को मुख्य सचिव के पद पर नियुक्त नहीं किया गया। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुजाता सौनिक यह पदभार संभालने वाली पहली महिला होंगीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here