फ्रांस में पैगंबर मोहम्मद के कार्टून को क्लास में बच्चों को दिखाने के बाद इतिहास के एक शिक्षक का सिर कलम करने वाले संदिग्ध शख्स को पुलिस ने गोली मार दी। पुलिस ने कहा है कि शख्स की गिरफ्तारी की कोशिश थी। हालांकि, शख्स ने भी नारेबाजी करते हुए बंदूक दिखाया जिसके बाद वो खुद पुलिस की गोली का शिकार हो गया। अभियोजन अधिकारी के कार्यालय ने कहा कि मामले की आतंकवाद के एंगल से जांच शुरू कर दी गई है।
यह बर्बर घटना पेरिस के बाहरी इलाके एरागनी नगर में स्थानीय समय के अनुसार शाम करीब 5 बजे हुई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चाकू और एक एयरसॉफ्ट बंदूक से लैस संदिग्ध को पुलिस ने गोली से उड़ा दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार जिस इतिहास के शिक्षक की हत्या इस शख्स ने की थी उसने हाल में कक्षा में पैगंबर मोहम्मद का कार्टून बच्चों को दिखाया था।
यह मामला पिछले महीने की तरह है जब एक 25 साल के पाकिस्तानी शख्स ने शार्ली एब्दो मैगजीन में पैगंबर मोहम्मद के कार्टून के प्रकाशन का बदला लेने के लिए एक दो लोगों को घायल कर दिया था। हमलावर ने एक टीवी प्रोडक्शन एजेंसी के दो कर्मचारियों को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिनके कार्यालय उसी ब्लॉक पर हैं, जिसमें शार्ली एब्दो का कार्यालय भी हुआ करता था। हालाकि, दोनों कर्मचारी इस हमले में बच गए।
बहरहाल, ताजा मामला ऐसे समय में सामने आया है जब पेरिस में 2015 में शार्ली एब्दो मैगजीन के बाहर हुए हमले की सुनवाई चल रही है। वह आतंकी हमला भी पैगंबर मोहम्मद के कार्टून छापने से नाराज होकर किया गया था। यही नहीं, इस साल भी मैगजीन ने फिर से वो कार्टून छापे हैं। इसके बाद अल-कायदा की ओर से धमकी भी आ चुकी है।
चाकू से की हत्या फिर दी धमकी
पुलिस सूत्र के अनुसार शुक्रवार को सूचना मिलने के बाद स्कूल के पास पुलिस की टीम पहुंची थी। वहां, उन्होंने मृत व्यक्ति को देखा और पास में ही चाकू हाथ में लिए संदिग्ध भी मौजूद था। पुलिस ने जब उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की तो वो धमकी देने लगा।
सूत्रों के अनुसार इसके बाद पुलिस की ओर से फायरिंग की गई। शख्स इस फायरिंग में घायल हो गया और बाद में उसने दम तोड़ दिया। इस बीच मोरक्को की यात्रा पर गए फ्रांस के गृह मंत्री गेराल्ड डर्मैनिन प्रधानमंत्री जीन कैस्टेक्स और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रोन के साथ बातचीत करने के बाद पेरिस लौट रहे हैं।