अफ्रीकी देश नाइजीरिया में रविवार देर रात एक मस्जिद में बंदूकधारियों ने हमला कर 5 लोगों की हत्या कर दी और 18 लोगों को अगवा कर लिया। नाइजीरिया पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की। पुलिस प्रवक्ता मुहम्मद शेहू ने बताया कि जामफरा क्षेत्र के मारुल एरिया में दस्तन गारी समुदाय में इस घटना को अंजाम दिया गया।
शेहू ने बताया कि बंदूकधारियों ने मस्जिद में मौजूद इमाम समेत 18 लोगों को अपहरण कर लिया। इसके बाद हमलावरों ने गोली चलना शुरू कर दिया। इस हमले में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई।
चश्मदीदों ने बताया कि बंदूकधारी मोटरबाइक के जरिए वहां पहुंचे और नमाज पढ़ रहे लोगों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। हमले के बाद हमलावर पास के एक जंगल में भाग गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और हमलावरों की तलाश में जुट गई। हाल के दिनों में नाइजीरिया के उत्तर पश्चिमी क्षेत्र में लूट, अपहरण और अन्य आपराधिक गतिविधियां उग्र हो गई हैं।