रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को कहा कि रूस और अमेरिका सहयोग बढ़ाने के लिए तैयार हैं। पुतिन संघीय सुरक्षा सेवा बोर्ड (एफएसबी) की सालाना बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के साथ शुरुआती संपर्क ने यूक्रेन संघर्ष जैसे मुद्दों को हल करने की उम्मीद जगाई है।
पुतिन ने यह भी कहा कि रूस और अमेरिका सहयोग करना चाहते थे, लेकिन कुछ पश्चिमी अभिजात वर्ग (एलीट क्लास) उनके संवाद को बाधित करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि वैश्विक ढांचे ने यूक्रेन और अन्य जगहों पर संकट पैदा किया था। रूसी राष्ट्रपति ने कहा, हम सभी देख रहे हैं कि दुनिया कितनी तेजी से बदल रही है। इस (यूक्रेन युद्ध) संबंध में मैं यह कहना चाहूंगा कि नए अमेरिकी प्रशासन के साथ पहले संपर्क से कुछ उम्मीदें जगी हैं।
उन्होंने कहा, हम इस बात को समझते हैं कि हर कोई रूस और अमेरिका के संबंधों की बहाली का स्वागत नहीं करता है। पश्चिमी अभिजात वर्ग वैश्विक अस्थिरता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। पुतिन ने कहा, मॉस्को और वॉशिंगटन के बीच शुरू हुए संवाद को पटरी से उतारने या बदनाम करने का प्रयास करने वाली ताकतों को विफल करने के लिए सभी उपलब्ध कूटनीतिक और खुफिया संसाधनों का उपयोग किया जाना चाहिए। एफएसबी बोर्ड की बैठक में पुतिन ने कहा कि रूस ने कभी भी यूक्रेन संघर्ष को शांतिपूर्ण तरीके से हल करने से इनकार नहीं किया है।
इससे पहले आज रूस और अमेरिका के राजनयिकों ने इस्तांबुल में बैठक की। रूसी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने बताया कि दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने छह घंटे से अधिक समय की वार्ता की, जिसका मकसदा उनके दूतावासों के काम पर विवादों को हल करना था। वार्ता इस्तांबुल में अमेरिका के महावाणिज्य दूत के निवास पर हुई।
‘तास’ ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का हवाला देते हुए कहा कि बंद दरवाजे में हुई बैठक में वार्ताकार शीर्ष स्तर के राजनयिक और विशेषज्ञ शामिल थे। जो बाइडन प्रशासन में रूस और अमेरिका के द्विपक्षीय संबंध तनावपूर्ण थे। अमेरिकी अधिकारियों ने जून 2024 में वाशिंगटन और न्यूयॉर्क में रूसी वीजा केंद्र को बंद कर दिया था। फरवरी और मार्च 2022 के बीच अमेरिका ने रूस के स्थायी मिशन के सदस्यों सहित 14 रूसी राजनयिकों को ‘अस्वीकार्य व्यक्ति’ घोषित किया था।