‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ सफाई अभियान की शुरुआत’, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लगाई झाड़ू

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को राजधानी में एक महीने तक चलने वाले स्वच्छता अभियान ‘दिल्ली को कूड़े से आज़ादी’ की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कश्मीरी गेट स्थित महिला एवं बाल विकास कार्यालय परिसर में सफाई अभियान में भाग लेकर झाड़ू लगाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों ने व्यवस्था सुधारने की बातें तो बहुत कीं, लेकिन ज़मीनी स्तर पर कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा, “यह मेरा इस कार्यालय में पहला दौरा है और यहां की हालत देखकर मैं हैरान हूं। पूर्ववर्ती सरकारों को अपने वैभवशाली कार्यालय बनाने से फुर्सत नहीं मिली। हम अब सभी विभागों के लिए नए, बेहतर कार्यालय बनाएंगे। साथ ही, एक नया दिल्ली सचिवालय भी तैयार किया जाएगा, जिसमें हर विभाग के लिए उपयुक्त स्थान सुनिश्चित होगा। इसके लिए प्रक्रिया आज से ही शुरू की जा रही है।”

मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों से सुझाव लेकर अधिकारियों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अगस्त का पूरा महीना दिल्ली में स्वच्छता के जन-आंदोलन के रूप में मनाया जाएगा।

मेयर और भाजपा नेता भी जुड़े अभियान से

दिल्ली के मेयर राजा इकबाल सिंह और भाजपा नेता सतीश उपाध्याय ने भी इस अभियान में भाग लिया। दोनों नेता ग्रीन पार्क स्थित अरबिंदो मार्केट पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर सफाई की।

मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और राजधानी को कूड़े से मुक्त करें। उन्होंने बताया कि यह अभियान दिल्ली नगर निगम की एक पहल है, जिसमें सभी वर्गों को भागीदार बनाया गया है।

वहीं, भाजपा नेता सतीश उपाध्याय ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की थी। अब दिल्ली की मुख्यमंत्री ने 1 से 30 अगस्त तक राजधानी को कूड़े से पूरी तरह मुक्त करने का आह्वान किया है। हम दिल्ली के हर कोने को स्वच्छ बनाएंगे और हवा की गुणवत्ता सुधारने का प्रयास करेंगे।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here