महाराष्ट्र में भारी बारिश से जन-जीवन अस्तव्यस्त, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी

मुंबई में जारी जोरदार बारिश के कारण शहर का जन-जीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है। जलजमाव के कारण परिवहन सेवाएं ठप हो गई हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद बीएमसी ने नागरिकों से घरों में रहने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की अपील की है। भारी बारिश के कारण विक्रोली पार्क इलाके में लैंडस्लाइड हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हुई और दो अन्य घायल हुए।

पालघर जिले में भी रविवार से भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे वहां के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। पुणे, नासिक, गढ़चिरौली, सतारा और जलगांव में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रायगढ़, रत्नागिरी, ठाणे, पालघर और मुंबई में रेड अलर्ट है।

बारिश से जलभराव और परेशानी
रेड अलर्ट के चलते कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। शनिवार सुबह हुई बारिश से अंधेरी सबवे, मिलान सबवे, गांधी मार्केट, कुरला और मुंबई के कई अन्य हिस्सों में जलजमाव हो गया। गांधी मार्केट में लोगों को आवागमन में काफी कठिनाई हुई। मौसम विभाग ने लोगों से घरों से अनावश्यक बाहर निकलने से परहेज करने को कहा है।

कुर्ला, चेंबूर और अंधेरी में बारिश के कारण हालात बेहद खराब हैं। शुक्रवार देर रात 1 बजे से सुबह 4 बजे तक रिकॉर्ड बारिश होने से सड़कें, रेलवे ट्रैक और पार्किंग स्थल जलमग्न हो गए। मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 अगस्त को मुंबई और ठाणे में भी भारी बारिश होगी। रायगढ़ जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां स्थिति गंभीर होने की संभावना है।

कृषि और ग्रामीण जीवन प्रभावित
अमरावती जिले के चांदूरबाजार तहसील के सराफापुर और करोड़ी क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से कई घरों में पानी घुस गया और लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। सबसे अधिक नुकसान किसानों को हुआ है। संतरे के बागों में कई पेड़ गिर गए और फलों की बर्बादी से लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। कई बागों में संतरे सड़ने लगे हैं, जिससे किसानों के लिए फसल पूरी तरह बर्बाद होने का संकट उत्पन्न हो गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here