आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल हुए एमएस धोनी, भारत के 11वें खिलाड़ी बने

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने हॉल ऑफ फेम में शामिल किया है। धोनी इस प्रतिष्ठित सूची में जगह पाने वाले भारत के 11वें क्रिकेटर बन गए हैं। आईसीसी ने सोमवार को इस संबंध में आधिकारिक घोषणा की। धोनी के साथ ही दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज़ हाशिम अमला और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज़ मैथ्यू हेडन को भी इस सम्मान से नवाज़ा गया है।

2020 में लिया था अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास

महेंद्र सिंह धोनी ने 2019 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले के बाद भारत के लिए कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला। उस मुकाबले में भारत को न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी।

तीन आईसीसी ट्रॉफियां जिताने वाले इकलौते भारतीय कप्तान

‘कैप्टन कूल’ के नाम से मशहूर धोनी भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को तीन प्रमुख आईसीसी खिताब दिलाए—2007 टी20 विश्व कप, 2011 वनडे विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी। इसके अलावा, धोनी के नेतृत्व में टीम इंडिया ने 2010 और 2016 में एशिया कप भी जीता। उन्होंने 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here