शुक्रवार को दिल्ली का मौसम बदल गया। दिनभर की चिलचिलाती धूप से लोग परेशान थे, लेकिन शाम को अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
दिल्ली में मौसम विभाग का अलर्ट
आज मौसम विभाग ने दिल्ली में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों तक तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान तापमान में और कमी आ सकती है। 20 और 21 मई को दिल्ली में आंशिक बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश का पूर्वानुमान
अगले 7 दिनों में पूर्वोत्तर भारत में बिजली कड़कने के साथ तेज हवाएं और बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 16 से 21 मई के बीच भारी बारिश का पूर्वानुमान है। केरल और कर्नाटक में भी हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना और कर्नाटक में गरज के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
कर्नाटक में लंबी बारिश का अलर्ट
कर्नाटक में अगले 13 दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट है। 17 से 22 मई के बीच गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बिजली के साथ तेज हवाओं की संभावना है। 20-21 मई को मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण कोंकण-गोवा के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा हो सकती है।
मुंबई में भी साउथ मुंबई, कोलाबा, मरीन लाइन, भायखला, परेल, लालबाग, दादर और बांद्रा में लगातार बारिश जारी है।
मध्य और पूर्वी राज्यों में हवाओं का प्रभाव
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल में बिजली के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। ओडिशा में 16 और 17 मई को हवाओं का प्रभाव रहेगा। झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में 19 मई तक हवाएं चलने की संभावना है।
17 से 20 मई के बीच पश्चिम बंगाल और सिक्किम के उप-हिमालयी क्षेत्रों में तेज बारिश का अलर्ट है।
पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि का खतरा
17 से 21 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज हवाएं और बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में बारिश का अलर्ट है।
पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी हल्की बारिश हो सकती है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में ओलावृष्टि का अनुमान है।
वहीं, पश्चिमी राजस्थान में 17 से 19 मई के बीच धूल भरी हवाएं चलेंगी। जम्मू-कश्मीर में 18 मई को लू चलने की संभावना है।
उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप
उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, बिहार और ओडिशा में गर्म और आर्द्र मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।