नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार सुबह मौसम ने करवट ली। नोएडा सहित कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे पिछले कुछ दिनों से जारी चुभती धूप और उमस से लोगों को राहत मिली। भारतीय मौसम विभाग ने पहले ही आज वर्षा होने की संभावना जताई थी।
उत्तर भारत में मानसून की विदाई के बीच बदला मिजाज
उत्तर भारत के कई हिस्सों में इन दिनों मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल रहा है। मानसून अपने अंतिम चरण में है, जिसके चलते मैदानी इलाकों में उमस भरी गर्मी बनी हुई है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया।
तापमान और वायु गुणवत्ता
पिछले दो दिनों से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। उधर, कुछ क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) अब भी मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया है।