चक्रवात बिपरजॉय: गुजरात के 8 संवेदनशील जिलों से 74,435 नागरिक राहत शिविरों में पहुंचाए गए

समुद्री चक्रवात बिपरजॉय की आज गुजरात कच्छ और कराची तट के बीच टक्कर होगी। बेहद शक्तिशाली इस तूफान के लैंडफॉल को देखते हुए कच्छ समेत गुजरात के पूरे तटीय इलाकों में आज लॉकडाउन रहेगा। गुजरात के सभी तटीय क्षेत्रों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। पुलिस-प्रशासन की अनुमति से लोगों को निकलने दिया जाएगा। गुजरात सरकार ने अब तक राज्य के आठ जिलों से 74,435 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। तो वहीं समुद्री चक्रवात से प्रभावित होने वाले जिलों के गांवों में धारा 144 लागू है। समुद्री चक्रवात बिपरजॉय अब गुजरात के एकदम करीब पहुंच चुका है। ताजा अपडेट के अनुसार इसकी दिशा में थोड़ा बदलाव हुआ है और यह कच्छ की तरफ मुडा है। ऐसे में कच्छ को सबसे ज्यादा अलर्ट पर रखा गया है।

महातूफान बिपरजॉय गुजरात के काफी नजदीक पहुंच चुका है। यह कच्छ के जखाऊ पोर्ट से 200 से भी कम किलाेमीटर की दूरी पर है। मौसम विभाग के अनुसार तूफान के टकराने के समय 120 से लेकर 135 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इतना ही नहीं हवा के झोंकों की गति 150 किलोमीटर होगी। इसके 15 जून यानी गुरुवार की शाम को लैंडफॉल करने की उम्मीद है। ऐसे में लाेगों को घरों से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी दी गई है।

राज्य सरकार अभी तक कुल आठ जिलों से 74,435 लोगों के समुद्री और खतरे वाली जगहों से हटाकर दूसरी जगह पर शिफ्ट कर चुकी है। जूनागढ़ में 4,604, कच्छ में 34,300, जामनगर में 10,000, पोरबंदर में 3,469, देवभूमि द्वारका में 5,035, गिर सोमनाथ में 1,605, मोरबी में 9,243 और राजकोट में 6,089 लोगों को सुरक्षित जगहों पर रखा गया है। गुजरात के इन क्षेत्रों में भारी बारिश हो रही और हवा की गति काफी ज्यादा है। इसके चलते द्वारकाधीश मंदिर से लेकर सोमनाथ समेत तमाम मंदिर आज बंद रहेंगे।

बिपरजॉय तूफान के नजदीक पहुंचते हुए इस भयावह असर देखने को मिल रहा है। गुजरात में आज कुछ समुद्री के किनारे वाले इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है। 14 जून को कच्छ के अंजार में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। समुद्री तूफान का लैंडफॉल 15 जून की शाम 4 बजे से आठ बजे के बीच होने की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार लैंडफॉल के बाद भी गुजरात के तटीय और दूसरे इलाकों में इसका प्रभाव रह सकता है। ऐसे में 16 और 17 जून अलर्ट घोषित किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here