कोरोना महामारी के बीच कोविड अस्पतालों में आग लगने का सिलसिला जारी है। गुजरात के राजकोट में शुक्रवार की सुबह एक निजी कोविड अस्पताल में भीषण आग लगने की वजह से पांच मरीजों की जलने से मौत हो गई है। जबकि कई अन्य मरीज झुलस गए हैं और इन मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने घटना पर दुख जताते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल खबर लिखे जाने तक आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका था।
जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा राजकोट के मावड़ी इलाके में स्थित शिवानंद अस्पताल के आईसीयू में हुई है। कोविड—19 अस्पताल होने के चलते यहां के आईसीयू में 11 मरीज भर्ती थे। इन मरीजों को मिलाकर अस्पताल में कुल 33 मरीज भर्ती थे। अचानक लगी आग की लपटों में कई मरीज घिरकर झुलस गए। झूलसे सभी मरीजों को दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया दिया गया है। साथ ही अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है।
सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है अस्पताल के आईसीयू से ही आग लगी थी। मामले की जानकारी होने पर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने गहरा दुख जताते हुर्ए घटना की जांच के आदेश दिए हैं। जबकि अभी तक आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं लग सका है। राहत और बचाव में लगे अधिकारियों ने बताया कि मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने और अन्य कार्यों पर काम चल रहा है।