मोरबी(गुजरात), गुजरात के मोरबी शहर में एक झूला पुल के टूटने के कुछ महीने बाद राज्य सरकार ने मंगलवार को शहर की नगरपालिका को भंग कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पिछले साल 30 अक्टूबर को हुए इस हादसे में 135 लोगों की मौत हो गई थी।
नगरपालिका पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का नियंत्रण था, जो राज्य में सत्तारूढ़ दल है।
मोरबी के जिलाधिकारी जी टी पांडया ने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने मोरबी नगरपालिका को भंग कर दिया है।’’
मोरबी शहर में मच्छु नदी पर स्थित झूला पुल का रखरखाव और संचालन ओरेवा ग्रुप नगरपालिका के साथ हस्ताक्षरित एक समझौते के तहत कर रहा था।
जनवरी में, राज्य के शहरी विकास विभाग ने नगरपालिका को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा था कि अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में नाकाम रहने के चलते उसे क्यों ना भंग कर दिया जाए।
उल्लेखनीय है कि मोरबी नगरपालिका के सभी निर्वाचित 52 पार्षद भाजपा के थे।