स्पेन में रहने वाले गुजराती लेखक एवं लोकप्रिय साहित्यकार फादर कार्लोस गोंजालेस वाल्स का सोमवार को निधन हो गया। वह 95 साल के थे। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने शोक जताया। फादर वाल्स ने गुजराती भाषा में कई किताबें लिखी हैं और गुजरात विश्वविद्यालय में कई दशकों तक गणित पढ़ाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर फादर वाल्स के निधन पर दुख जताया। मोदी ने लिखा, ”फादर वाल्स ने विशेष रूप से गुजरात में खुद को लोकप्रिय बना लिया। उन्होंने खुद को गणित और गुजराती साहित्य जैसे कई क्षेत्रों में प्रतिष्ठित किया। वह समाजसेवा करने के लिए तत्पर रहते थे। उनके निधन से दुखी हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।”
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपानी शोक जताते हुए कहा कि फादर वॉल्स मूल रूप से गुजराती नहीं थे, लेकिन उन्होंने अपनी लेखनी से गुजराती के तौर पहचान स्थापित की। गुजराती भाषा और साहित्य में अहम योगदान दिया। उनके निधन से गुजराती साहित्य को अपूरणीय क्षति हुई है।
कांग्रेस सासंद अहम पटेल, गुजरात कांग्रेस ईकाई के प्रमुख अमित चावड़ा और गुजरात विधानसभा में विपक्ष के नेता परेश धनानी ने फादर वाल्स के निधन पर शोक जताया। कांग्रेस ने बयान जारी कहा , फादर वाल्स के निधन से गुजरात ही नहीं बल्कि पूरे देश ने साहित्य के एक उत्कृष्ट साहित्यकार, एक संवेदनशील और प्रेमर्पूण व्यक्तित्व को खो दिया।