भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती पर मोदी ने किया स्मृति सिक्का जारी

गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मणिपुर दौरे के बाद असम पहुंचे, जहां उन्होंने भारत रत्न भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भूपेन दा को श्रद्धांजलि दी और गुवाहाटी में रोड शो किया। सड़क किनारे खड़े लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया और पूरा माहौल उत्सव जैसा बन गया।

पुस्तक विमोचन और स्मृति सिक्का जारी
प्रधानमंत्री मोदी ने भूपेन हजारिका पर लिखी गई एक पुस्तक का विमोचन किया और उनकी 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में 100 रुपये का स्मृति सिक्का भी जारी किया। संबोधन में उन्होंने कहा कि हाल ही में 8 सितंबर को भूपेन दा का जन्मदिवस बीता है और उस दिन उन्होंने एक लेख के जरिए अपनी भावनाएं साझा की थीं। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक मौके पर शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

मोदी ने कहा कि भूपेन हजारिका ने हमेशा भारत की एकता और अखंडता का संदेश दिया। जिस दौर में पूर्वोत्तर हिंसा और अलगाववाद की आग झेल रहा था, उस समय भी उन्होंने अपने गीतों से पूरे क्षेत्र को जोड़ने का प्रयास किया। उनका सपना एक समृद्ध और शांतिपूर्ण पूर्वोत्तर था।

“भूपेन दा की आवाज आज भी देती है ऊर्जा”
प्रधानमंत्री ने कहा कि भूपेन हजारिका भले ही आज हमारे बीच न हों, लेकिन उनकी आवाज अब भी लोगों को प्रेरित करती है। उनका संगीत ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को जीवंत करता है और भारतीय सांस्कृतिक धरोहर से गहराई से जुड़ा है।

मुख्यमंत्री सरमा की प्रतिक्रिया
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने भी कार्यक्रम में भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि 2011 में जब भूपेन हजारिका का निधन हुआ था, तब असम की जनता चाहती थी कि प्रधानमंत्री अंतिम संस्कार में मौजूद हों। उन्होंने कहा कि अब उनकी जन्मशताब्दी पर प्रधानमंत्री मोदी का शामिल होना राज्य के लिए गर्व का क्षण है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here