नीतीश कुमार ने जनादेश का अपमान किया है: संजय जायसवाल

बिहार में राजनीतिक उठापटक के बीच मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार ने इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, अब वह एक बार फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। दरअसल, भाजपा और जदयू का गठबंधन टूट चुका है। इस बात का ऐलान नीतीश कुमार की ओर से किया गया। लेकिन अब नीतीश कुमार के पार्टी जदयू का गठबंधन राजद और कांग्रेस के साथ हो रहा है। आपको बता दें कि 2020 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और जदयू एक साथ मिलकर चुनाव लड़ी थी। जदयू तीसरे नंबर की पार्टी बनी थी और उसे सिर्फ 43 सीटें मिली थी। जबकि भाजपा के खाते में 74 सीट गई थी। बावजूद इसके भाजपा की ओर से नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री के लिए आगे किया गया था। नीतीश कुमार के पलटी मारने को लेकर अब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने जबरदस्त तरीके से उन पर निशाना साधा है। 

भाजपा की ओर से साफ तौर पर कहा गया है कि नीतीश कुमार ने जनादेश का अपमान किया है। अपने बयान में संजय जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश के बाद ही हमने 2020 में नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया था। लेकिन उन्होंने हमारे साथ-साथ बिहार की जनता को धोखा दिया है। उन्होंने जनादेश के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि हमने NDA के तहत 2020 का चुनाव एक साथ लड़ा, जनादेश जद-यू और बीजेपी को था। हमने ज्यदा सीटें जीतीं, उसके बावजूद नीतीश कुमार को सीएम बनाया गया। आज जो कुछ भी हुआ वह बिहार के लोगों और भाजपा के साथ विश्वासघात है। इसके साथ ही नीतीश कुमार के राजद के साथ जाने को लेकर भी संजय जायसवाल से पूछा गया संजय जायसवाल ने साफ तौर पर कहा कि है तो नीतीश कुमार ही बताएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमारको बताना चाहिए कि तब और अब के भ्रष्टाचार में क्या अंतर है। 

आपको बता दें कि 2017 में नीतीश कुमार ने राजद के साथ गठबंधन तोड़ते वक्त तेजस्वी के ऊपर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों का हवाला दिया। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता आरके सिंह ने कहा कि ये हमारे राज्य का दुर्भाग्य है, 15 साल राजद की सरकार रही, वे (जदयू) पहले भी राजद के साथ गए थे फिर वापस आए, अब फिर से उनके साथ जा रहे हैं। इसमें बिहार की भलाई नहीं नहीं है। ये विकास की नहीं सत्ता की राजनीति हो रही है। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि हम अपनी पार्टी को मजबूत करते हैं, हम किसी अन्य पार्टी को कमजोर नहीं करते हैं। हमने बिहार के लोगों के व्यापार और रोजगार के लिए ईमानदारी से काम किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here